तेज गेंदबाज तुषार देशपांडे ने शानदार गेंदबाजी करते हुए रणजी ट्रॉफी 2026-27 के अपने पहले मुकाबले में हैट्रिक ली और कुल पांच विकेट चटकाए। उनकी घातक गेंदबाजी के दम पर मुंबई ने सोमवार को वानखेड़े स्टेडियम में चंडीगढ़ की टीम को महज 78 रन पर समेट दिया।
चंडीगढ़ की पहली पारी में देशपांडे ने 17 रन देकर 5 विकेट लिए। यह उनके करियर का छठा मौका था, जब उन्होंने एक पारी में पांच विकेट हासिल किए। मुंबई क्रिकेट टीम द्वारा फॉलो-ऑन लागू करने के बाद उन्होंने एक और विकेट अपने नाम किया।
दूसरे दिन लिए गए छह विकेटों के साथ देशपांडे के फर्स्ट-क्लास मैचों में कुल विकेटों की संख्या 140 हो गई। यह उनका 50वां फर्स्ट-क्लास मुकाबला है। उनका अब तक का सबसे अच्छा गेंदबाजी प्रदर्शन 6/70 रहा है, जो उन्होंने 2018 में रणजी ट्रॉफी में रेलवे के खिलाफ किया था।
इस दाएं हाथ के तेज गेंदबाज ने सातवें ओवर में अर्सलान खान को आउट करके टीम को पहली सफलता दिलाई। 11वें ओवर में उन्होंंने हैट्रिक लेकर चंडीगढ़ के टॉप ऑर्डर को ध्वस्त कर दिया।
सिल्वेस्टर डिसूजा ने अपनी ही गेंद पर अर्जुन आजाद का कैच पकड़ा और इसके बाद देशपांडे ने शिवम भाम्बरी को पहली ही गेंद पर आउट किया। वहीं, दीपेंद्र कुश बिना कोई रन बनाए आउट हो गए। राजस्थान रॉयल्स के साथी खिलाड़ी यशस्वी जायसवाल ने उनका कैच पकड़ा और चंडीगढ़ का स्कोर 25/4 हो गया।
देशपांडे की हैट्रिक ने उन्हें रणजी ट्रॉफी में यह उपलब्धि करने वाला मुंबई का छठा गेंदबाज बना दिया। उनसे पहले जहांगीर खोट, उमेश कुलकर्णी, अब्दुल इस्माइल, रॉयस्टन डायस और शार्दुल ठाकुर उपलब्धि हासिल कर चुके हैं।
इसके बाद उन्होंने चंडीगढ़ के खिलाड़ियों को आउट करना जारी रखा। 13वें ओवर में राज बावा को आउट करके टीम का स्कोर 29/6 कर दिया और आखिरकार मुंबई ने उन्हें 78 रन पर समेट दिया।
फॉलो-ऑन लागू होने के बाद दिन के आखिरी ओवर में देशपांडे ने एक और विकेट लिया। उन्होंने विशु कश्यप को बिना खाता खोले आउट किया। इस तरह दिन का खेल खत्म होने तक चंडीगढ़ का स्कोर 0/1 हो गया।
इससे पहले देशपांडे ने मुंबई की पहली पारी में बल्ले से भी योगदान दिया था। टीम का स्कोर 271/7 था, तब वह बल्लेबाजी करने उतरे और 47 गेंदों में 44 रन बनाए। उन्होंने अपनी पारी में चार चौके और दो छक्के लगाए। इसकी मदद से मेजबान टीम 429 रन का स्कोर खड़ा कर सकी।
इस धमाकेदार प्रदर्शन से इस तेज गेंदबाज का शानदार फॉर्म जारी है। उन्होंने दलीप ट्रॉफी के क्वार्टर-फाइनल में नॉर्थ जोन के खिलाफ वेस्ट जोन के लिए पहली पारी में 4/57 का आंकड़ा दर्ज किया था। ऑस्ट्रेलिया A के खिलाफ इंडिया A के दो अनौपचारिक टेस्ट मैचों में से पहले मैच में भी उन्होंने पांच विकेट लेकर जीत दिलाने में अहम भूमिका निभाई थी।