राजस्थान रॉयल्स ने मैच जीतने के लिए हर मुमकिन कोशिश की। लेकिन आईपीएल 2026 के अपने 11वे मैच में गुजरात टाइटंस को हराने में सफल नहीं हो सकी और शनिवार को सवाई मानसिंह स्टेडियम में खेले गए मुकाबले में 77 रनों से हार गई।
यशस्वी जायसवाल ने राजस्थान रॉयल्स की कप्तानी पहली बार संभाली।क्योंकि रियान पराग को हैमस्ट्रिंग की चोट के कारण मुकाबले से बाहर होना पड़ा। उन्होंने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया।
हालांकि, राजस्थान रॉयल्स के कप्तान के रूप में जायसवाल का पहला मैच काफी चुनौतीपूर्ण साबित हुआ। गुजरात टाइटंस ने अपने 20 ओवरों में 229/4 का स्कोर बनाया, जो सवाई मानसिंह स्टेडियम में अब तक का सबसे बड़ा स्कोर है।
जीटी के लिए शुभमन गिल ने 44 गेंदों में 84 रन बनाकर सबसे ज्यादा रन बनाए, जबकि आरआर के लिए बृजेश शर्मा ने अपने चार ओवरों में 47 रन देकर दो विकेट लिए।
जीत के लिए 230 रनों का पीछा करते हुए आरआर ने मैच की अच्छी शुरुआत की और वैभव सूर्यवंशी की 16 गेंदों में 36 रनों की आक्रमक पारी की बदौलत पावरप्ले में 78/3 रन बनाए। मजबूत शुरुआत के बावजूद, लगातार विकेट गिरने से लक्ष्य का पीछा करना मुश्किल हो गया और रॉयल्स ने 16.3 ओवरों में 152 रन बनाए।
आईपीएल 2026 की प्वाइंट टेबल में आरआर 11 मैचों में छह जीत के साथ पांचवें स्थान पर है।
पहले बल्लेबाजी करते हुए जीटी ने कप्तान शुभमन गिल और साई सुदर्शन ने तेज पारी के दम पर पावरप्ले में बिना किसी विकेट के नुकसान के 82 रन बनाए।
राजस्थान रॉयल्स ने मैच में वापसी करते हुए यश राज पुंजा और रवींद्र जडेजा की मदद से मुकाबले में पकड़ बनाई। दोनों गेंदबाजों ने अगले आठ ओवरों में 73 रन देकर 2 विकेट लिए।
पुंजा ने 11वें ओवर में सुदर्शन को आउट कर 118 रनों की साझेदारी को तोड़ा। सुदर्शन ने 36 गेंदों पर 55 रन बनाकर बनाए। जडेजा ने तीन ओवर बाद जोस बटलर का विकेट लिया।
Wicket in the pocket ☝️
— IndianPremierLeague (@IPL) May 9, 2026
Celebrations out 🥳
Ravindra Jadeja doing what he does best 🩷
Updates ▶️ https://t.co/t7CEEL9Bzp#TATAIPL | #KhelBindaas | #RRvGT | @rajasthanroyals pic.twitter.com/qGBNr38o4S
हालांकि, गुजरात टाइटंस ने अपनी लय बरकरार रखी और गिल और वाशिंगटन सुंदर ने तीसरे विकेट के लिए 35 रन की साझेदारी की।
गिल 17वें ओवर में बृजेश शर्मा के हाथों आउट हो गए, जिसके बाद तुषार देशपांडे ने 18वां ओवर फेंका और सिर्फ आठ रन बने। बृजेश शर्मा ने भी 19वें ओवर में जेसन होल्डर को आउट करते हुए सिर्फ चार रन दिए।
सुंदर (20 गेंदों में 37 रन) और राहुल तेवतिया (चार गेंदों में 14 रन) ने गुजरात टाइटंस को शानदार प्रदर्शन करने में मदद की।
इस मैदान पर रिकॉर्ड स्कोर का पीछा करते हुए, राजस्थान रॉयल्स के बल्लेबाजों ने आक्रामक शुरुआत की।
वैभव सूर्यवंशी ने मात्र 16 गेंदों में 36 रन बनाकर टीम को बेहतरीन शुरुआत दिलाई और टी20 क्रिकेट में 100 छक्के पूरे करने वाले सबसे कम उम्र के बल्लेबाज बन गए।
उन्होंने मोहम्मद सिराज और कगिसो रबाडा को तीन छक्के और तीन चौके जड़े, लेकिन तीसरे ओवर में सिराज के हाथों आउट हो गए।
इसके बाद रबाडा ने यशस्वी जायसवाल को भी आउट कर दिया, जिससे रॉयल्स का स्कोर 38/2 हो गया।
ध्रुव जुरेल ने पलटवार करते हुए सात गेंदों में 22 रन बनाए, जबकि रवींद्र जडेजा ने लगातार गेंदों पर एक छक्का और एक चौका जड़ा, जिससे रॉयल्स ने पावरप्ले के अंत तक 78/3 का स्कोर बनाया।
गुजरात टाइटंस ने मिडिल ओवरों में अपनी पकड़ मजबूत कर की। राशिद खान ने आठवें ओवर में तीन गेंदों के अंतराल में जुरेल और डोनोवन फरेरा को आउट करके मैच का रुख बदल दिया।
रॉयल्स ने कुछ देर के लिए जवाबी प्रदर्शन किया, लेकिन राशिद ने एक और विकेट लेते हुए चार विकेट हासिल किए। इसमें जडेजा का विकेट भी शामिल था, जिन्होंने 25 गेंदों में 38 रनों की दमदार पारी खेली। 14 ओवरों के बाद 137/7 के स्कोर पर रॉयल्स के सामने जीत के लिए बेहद मुश्किल लक्ष्य था।
आखिर में रॉयल्स की टीम 16.3 ओवर में 152 रन बनाकर ऑल आउट हो गई।
शनिवार को रॉयल्स ने अपनी पिंक प्रॉमिस पहल के तहत पिंक जर्सी पहनकर मैदान में कदम रखा ,जो राजस्थान में महिलाओं के नेतृत्व वाले बदलाव के प्रति उनकी प्रतिबद्धता को दर्शाता है।
रॉयल राजस्थान फाउंडेशन की अगुवाई में पिंक प्रॉमिस पहल का उद्देश्य महिलाओं को सशक्त बनाना और समुदायों में स्थायी बदलाव लाना है।
राजस्थान रॉयल्स का अगला मैच 17 मई को अरुण जेटली स्टेडियम में दिल्ली कैपिटल्स के खिलाफ होगा।
राजस्थान रॉयल्स बनाम गुजरात टाइटंस, आईपीएल 2026, संक्षिप्त स्कोर:
जीटी: 20 ओवर में 229/4 ( शुभमन गिल 84; बृजेश शर्मा 2/47)
आरआर: 16.3ओवर में 152/10 (रवींद्र जडेजा 38; राशिद खान 4/33)