राजस्थान रॉयल्स शनिवार को जयपुर के सवाई मानसिंह स्टेडियम में गुजरात टाइटंस के खिलाफ होने वाले अपने आईपीएल 2026 मैच के दौरान अपने 'पिंक प्रॉमिस' प्रोग्राम को आगे बढ़ाएगी। इस मैच के दौरान रॉयल्स अपनी ऑल-पिंक यूनिफॉर्म पहनकर राजस्थान में महिलाओं के नेतृत्व वाले सामाजिक परिवर्तन के प्रति अपना समर्पण प्रदर्शित करेंगे।
रॉयल राजस्थान फाउंडेशन (RRF) 'पिंक प्रॉमिस' पहल का नेतृत्व करता है, जो हाल के समय में आईपीएल मैचों से जुड़ा सबसे प्रभावशाली सामाजिक अभियान बन गया है। राजस्थान रॉयल्स क्रिकेट का इस्तेमाल ग्रामीण क्षेत्रों के लिए स्थायी स्तर पर लाभ पहुंचाने के लिए काम करती है। यह महिलाओं को सशक्त बनाने और उनके सतत विकास की पहल का समर्थन करने वाले प्रोग्राम के जरिए से किया जाता है।
'पिंक प्रॉमिस मैच' अब अपने तीसरे सीजन में प्रवेश करेगा। इसका दायरा एवं महत्व लगातार बढ़ता जा रहा है। यह सामाजिक उत्तरदायित्व कार्यक्रम पूरे राजस्थान में महिलाओं को सहायता प्रदान करने के लिए आईपीएल मैचों का उपयोग करके क्रिकेट को सामुदायिक सेवा के साथ जोड़ता है।
आईपीएल 2026 के लिए विशेष 'पिंक प्रॉमिस जर्सी' अपनी एक अनोखी कहानी कहती है। 'रॉयल्स हुनरर मंच' (Royals HunaRR Manch) प्रतियोगिता के माध्यम से चुनी गई इस विजेता जर्सी का डिज़ाइन नासिक की 19 वर्षीय समीक्षा रामेश्वर मुंदड़ा ने तैयार किया है, जिसे देश भर से मिली 8,500 से अधिक एंट्री में से चुना गया था।
इस ऑल-पिंक जर्सी में सौर ऊर्जा से प्रेरित (सोलर-इंस्पायर्ड) पैटर्न और रॉयल राजस्थान फाउंडेशन द्वारा मदद की जाने वाली महिलाओं के नाम शामिल हैं। यह डिज़ाइन इस अभियान के मुख्य संदेश - "औरत है तो भारत है" को दर्शाता है।
राजस्थान रॉयल्स ने यह भी घोषणा की कि आरआर बनाम जीटी मुकाबले के दौरान लगने वाले प्रत्येक छक्के से राजस्थान के छह घरों को सौर ऊर्जा से रोशन किया जाएगा। इस पहल का उद्देश्य वंचित समुदायों में महिलाओं के नेतृत्व वाली विद्युतीकरण परियोजनाओं का समर्थन करना है।
Another year, another #PinkPromise 💗
— Rajasthan Royals (@rajasthanroyals) May 6, 2026
Today, alongside the change-makers of Sambhar, Rajasthan, we unveiled our special all-Pink jersey which we’ll wear on May 9 - where every six hit will help light up six homes in Rajasthan ☀️💗 pic.twitter.com/pk35ImLHLa
पिंक प्रॉमिस पहल पिछले दो आईपीएल सीजन के दौरान अपनी सौर ऊर्जा परियोजनाओं के माध्यम से राजस्थान के कई घरों में बिजली पहुंचा चुकी है। इस अभियान ने 2024 में 260 घरों को सफलतापूर्वक बिजली प्रदान की और 2025 में इसकी पहुंच 520 से अधिक घरों तक बढ़ गई।
रॉयल राजस्थान फाउंडेशन के इस प्रोग्राम के जरिए तकनीकी प्रशिक्षण प्राप्त करने के बाद सांभर क्षेत्र की महिलाओं ने इस परिवर्तन में एक प्रमुख भूमिका निभाई है। महिलाएं सौर बुनियादी ढांचे के सभी पहलुओं में हिस्सा लेती हैं, जिसमें इंस्टॉलेशन, रखरखाव और अन्य जरूरी बातें शामिल हैं।
राजस्थान रॉयल्स अपनी टिकटों की बिक्री और विशेष गुलाबी जर्सी की बिक्री के जरिए से महिलाओं के नेतृत्व वाली ग्रामीण विकास परियोजनाओं का समर्थन करने के लिए भी प्रतिबद्ध है।