वैभव सूर्यवंशी ने आईपीएल में रिकॉर्ड बनाने का अपना शानदार सिलसिला जारी रखा। उन्होंने शनिवार को जयपुर में राजस्थान रॉयल्स और गुजरात जायंट्स के बीच खेले गए आईपीएल 2026 मैच के दौरान टी20 क्रिकेट में 100 छक्के लगाने वाले सबसे तेज खिलाड़ी बने।
सवाई मानसिंह स्टेडियम में जीटी के 229 रनों के लक्ष्य का पीछा करते हुए वैभव सूर्यवंशी ने मैच की पहली ही गेंद पर मोहम्मद सिराज को लॉन्ग ऑन के ऊपर से छक्का लगाकर घरेलू टीम को शानदार शुरुआत दिलाई।
इस छक्के के साथ वैभव सूर्यवंशी ने महज 515 गेंदों में 100 टी20 छक्के पूरे किए और करणबीर सिंह के 813 गेंदों के पिछले रिकॉर्ड को तोड़ दिया। वहीं कीरोन पोलार्ड 843 गेंदों के साथ तीसरे स्थान पर हैं।
रोमारियो शेफर्ड (845) और सीकुगे प्रसन्ना (850) शीर्ष पांच में शामिल हैं।
महज 15 साल और 43 दिन की उम्र में वैभव सूर्यवंशी अब 100 टी20 छक्के लगाने वाले सबसे कम उम्र के खिलाड़ी भी बन गए हैं।
इस युवा खिलाड़ी ने तीसरे ओवर में आउट होने से पहले 16 गेंदों में 36 रन की आक्रमक पारी खेली।
इस सीजन की शुरुआत में वैभव सूर्यवंशी ने सनराइजर्स हैदराबाद के खिलाफ एक पारी में सबसे ज्यादा छक्के लगाने का रिकॉर्ड तोड़ा था। उन्होंने 37 गेंदों में 103 रन बनाते हुए 12 छक्के जड़े।
उन्होंने मैच में 36 गेंदों में अपना शतक पूरा किया, जो किसी भारतीय द्वारा बनाया गया दूसरा सबसे तेज आईपीएल शतक है। वैभव ने खुद पिछले सीजन में जीटी के खिलाफ 35 गेंदों में सबसे तेज शतक बनाया था।
कुल मिलाकर, इस युवा खिलाड़ी ने इस सीजन में 11 मैचों में 440 रन बनाए हैं और वह आईपीएल 2026 में रॉयल्स के लिए अब तक के सबसे ज्यादा रन-स्कोरर हैं। उनका औसत 40 है और स्ट्राइक रेट 236.56 का प्रभावशाली है।
उन्होंने इस सीजन में 15 गेंदों में दो अर्धशतक भी लगाए हैं।