राजस्थान रॉयल्स के हेड कोच कुमार संगकारा ने युवा प्रतिभाशाली खिलाड़ी वैभव सूर्यवंशी को अहम नसीहत दी। उन्होंने कहा कि वह मैदान पर आजादी और बेफिक्र होकर खेलते रहें, जैसे एक बच्चा खेलता है। ताकि उनकी ऊर्जा और प्राकृतिक हुनर बना रहे।
15 वर्षीय वैभव सूर्यवंशी ने आईपीएल 2026 में अच्छी शुरुआत की। रॉयल्स के पहले चार मैचों में ही उन्होंने 200 रन पूरे कर इतिहास रच दिया और इसी के साथ वह ऐसा करने वाले पहले खिलाड़ी बने। इसके अलावा उन्होंने कुछ समय के लिए ऑरेंज कैप भी अपने नाम की। उनकी बल्लेबाजी ने विपक्षी टीमों के गेंदबाजों को काफी परेशान किया।
हालांकि, सनराइजर्स हैदराबाद के खिलाफ अपने पिछले मैच में वह बिना रन बनाए आउट हो गए, लेकिन संगकारा इससे ज्यादा चिंतित नहीं हैं।
रविवार को कोलकाता नाइट राइडर्स के खिलाफ आरआर के मैच से पहले प्रेस कॉन्फ्रेंस में संगकारा ने कहा, "जब वैभव पहली ही गेंद पर आउट हो गए, तो इसे 'नाकामी' कहना बहुत बड़ा शब्द है। वैभव को मेरा यही मैसेज है कि उन्हें हर पल का आनंद लेना चाहिए। चाहे वो 35 गेंदों में शतक हो, 15 गेंदों में अर्धशतक हो या पहली ही गेंद पर आउट होना। आपको रन बनाने की भी आजादी है और असफल होने की भी।"
उन्होंने आगे कहा, “मैं वैभव को देखकर बस यही चाहता हूं कि वह 15 साल के बच्चे की तरह ही मैदान पर उतरें और उसी हैरानी व उत्साह के साथ प्रदर्शन करें, जैसा किसी खेल को लेकर एक बच्चे में जिज्ञासा होती है। और इसी तरह वह आगे और अच्छा खेलेगा।”
श्रीलंका के इस दिग्गज खिलाड़ी ने विकेटकीपर-बल्लेबाज ध्रुव जुरेल की भी काफी तारीफ की। साल 2023 से इस फ्रेंचाइजी का हिस्सा बने जुरेल इस सीजन में शानदार प्रदर्शन कर रहे हैं। रॉयल्स के बल्लेबाजी क्रम में नंबर 3 पर प्रमोट होने के बाद से उनका प्रदर्शन शानदार रहा है।
फिलहाल वह इस सीजन में 5 मैचों में 176 रन बनाकर रॉयल्स के तीसरे सबसे ज्यादा रन बनाने वाले खिलाड़ी हैं। संगकारा का मानना है कि उन्हें शीर्ष क्रम में अपनी भूमिका को लेकर स्पष्टता है और वे उसी समझ के साथ आगे बढ़ रहे हैं।
संगकारा ने कहा, " उन्हें राजस्थान रॉयल्स में आगे बढ़ने के अपने रास्ते को लेकर पूरी तरह से स्पष्टता है।"
उन्होंने कहा, “और इसी तरीके की मदद से वह आजादी के साथ मैदान पर खेल रहे हैं और अच्छा प्रदर्शन कर रहे हैं। जो खिलाड़ी खुद को बेहतर समझ लेते हैं। तकनीक को नहीं, बल्कि खुद को - वे खिलाड़ी तेजी से सुधार करते हैं। मुझे लगता है कि अब उनके लिए जो बात सही काम कर रही है, वह यह है कि उसे अपनी भूमिका के बारे में स्पष्टता मिल गई है, उसे यह पूरी तरह साफ हो गया है कि उससे क्या उम्मीद की जाती है।”
रॉयल्स के कप्तान रियान पराग ने कप्तान के रूप में कुछ शानदार फैसले लिए, लेकिन अभी तक अपना सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन नहीं किया है। 24 वर्षीय खिलाड़ी ने अच्छी शुरुआत तो की है, लेकिन इस सीजन में अभी तक बड़ी पारियों में बदलने में कामयाब नहीं हो पाए हैं।
हालांकि, संगकारा का मानना है कि यह तो बस समय की बात है।
उन्होंने कहा, “जब मैं रियान को देख रहा होता हूं, तो वह सही टाइमिंग के साथ हिट कर रहा होता है। एक क्रिकेटर के तौर पर मैंने खुद भी यह अनुभव किया है। कई बार ऐसा होता है कि आप अच्छी बल्लेबाजी कर रहे होते हैं, लेकिन रन नहीं बन पाते। खासकर टी20 में मिडिल ऑर्डर में आप लंबी पारियों के बारे में नहीं सोचते। आप प्रभाव डालने वाली पारी खेलने पर ध्यान देते हैं।”
पिछले सीजन में कोलकाता में केकेआर के खिलाफ पराग ने 95 रनों की तूफानी पारी खेली थी, जो आईपीएल में उनका सर्वोच्च स्कोर है।