राजस्थान रॉयल्स ने आईपीएल में अब तक काफी उतार-चढ़ाव भरा सफर तय किया है। 2008 में शेन वार्न की कप्तानी में खिताब जीतने से लेकर वर्तमान में रियान पराग के नेतृत्व तक, रॉयल्स की कमान कई होनहार खिलाड़ियों के हाथों में रही है। संयोग से, केवल ऑस्ट्रेलियाई और भारतीय खिलाड़ियों ने ही रॉयल्स की कप्तानी संभाली है। यहां राजस्थान रॉयल्स कप्तानों की पूरी सूची है।
शेन वार्न
राजस्थान रॉयल्स के पहले कप्तान शेन वार्न ने टीम की मजबूत नींव रखी। उन्होंने युवा, प्रतिभाशाली और अनुभवहीन घरेलू खिलाड़ियों के समूह को आईपीएल का पहला सीजन जीतकर गौरव दिलाया।
राजस्थान रॉयल्स ने आईपीएल 2008 में शेन वार्न को उनके अंतरराष्ट्रीय स्तर के अनुभव की वजह से कप्तान बनाया। हालांकि वे ऑस्ट्रेलिया के लिए कभी भी नियमित कप्तान नहीं रहे। अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट से संन्यास लेने के बाद वार्न ने आईपीएल में अपना जलवा बिखेरा और युवा क्रिकेट खिलाड़ियों की टीम को विजेता बनवाया।
रविंद्र जडेजा, सोहेल तनवीर, अजिंक्य रहाणे और नमन ओझा सभी उनके मार्गदर्शन में चमके और देश व राज्यों के लिए बेहतर क्रिकेटर बने। वार्न 2009 से 2011 तक रॉयल्स के कप्तान रहे और टीम के साथ अपनी अनमोल विरासत छोड़ गए।
उन्होंने चार सीजन में 56 मैचों में कप्तानी की और 31 मैच जीते। आईपीएल 2025 में संजू सैमसन ने शेन वॉर्न का रिकॉर्ड तोड़ते हुए सबसे ज्यादा जीत दर्ज की। इससे पहले वार्न के पास राजस्थान रॉयल्स के कप्तान के तौर पर सबसे ज्यादा जीत का रिकॉर्ड था।
राहुल द्रविड़
शेन वार्न से कप्तानी की कमान लेना और राजस्थान रॉयल्स की संस्कृति को आगे बढ़ाना अपने आप में एक चुनौती थी। लेकिन राहुल द्रविड़ अपने अनुभव और भारतीय क्रिकेट टीम के साथ उनके नेतृत्व की वजह से सबसे सही खिलाड़ी थे। राहुल द्रविड़ आईपीएल 2012 में 39 साल की उम्र में रॉयल्स के सबसे अधिक उम्र के कप्तान बने।
वार्न की कप्तानी में एक पूरा सीजन बिताने के बाद, द्रविड़ ने टीम को उसी दिशा में आगे बढ़ाया। युवाओं को आगे बढ़ने के लिए एक बेहतर माहौल बनाने पर जोर दिया।
द्रविड़ ने आईपीएल 2012 में कप्तान के रूप में उस सीजन को सातवें स्थान पर समाप्त किया। वहीं, 2013 में टीम तीसरे स्थान पर रही लेकिन फाइनल में मुंबई इंडियंस से हार गई।
रॉयल्स ने आईपीएल 2013 के अच्छे प्रदर्शन को चैंपियंस लीग टूर्नामेंट में जारी रखा, जहां राहुल द्रविड़ ने उन्हें फाइनल तक पहुंचाया, लेकिन एक बार फिर मुंबई इंडियंस से हार गए।
राहुल द्रविड़ के नाम राजस्थान रॉयल्स के कप्तानों में जीत प्रतिशत के मामले में सर्वश्रेष्ठ रिकॉर्ड है। उन्होंने 40 मैचों में 23 मैच जीते और उनका जीत प्रतिशत 57.50% रहा।
इसके बाद द्रविड़ आईपीएल 2025 से पहले रॉयल्स में मुख्य कोच के रूप में लौटे।
शेन वॉटसन
राहुल द्रविड़ के रिटायरमेंट के बाद शेन वॉटसन ने आईपीएल 2014 से राजस्थान रॉयल्स की कप्तानी संभाली। वॉटसन ने अपने पहले साल में कप्तान के रूप में टीम के बारे में कहा, “हम एक बड़े परिवार जैसा महसूस करते हैं, और यह इतना ही सरल है। टीम के मालिकों से लेकर मैनेजमेंट और खिलाड़ियों तक, हर कोई एक-दूसरे की देखभाल करने के लिए मौजूद होता है, जैसे हम एक परिवार हैं। इसका मतलब है कि हम एक-दूसरे के लिए बेहतर माहौल बनाने की कोशिश कर रहे हैं।”
वॉटसन ने दो सीजन में कप्तानी की और 21 मैच खेले। आईपीएल 2015 में रॉयल्स टीम प्लेऑफ में पहुंची।
अजिंक्य रहाणे
अजिंक्य रहाणे को आईपीएल 2018 के लिए राजस्थान रॉयल्स का कप्तान घोषित किया गया। मुंबईकर ने पहले सीजन में कप्तान के रूप में अच्छा प्रदर्शन किया और टीम को चौथे स्थान पर पहुंचाया, लेकिन प्लेऑफ में कोलकाता नाइट राइडर्स से हार का सामना करना पड़ा। उनकी कप्तानी में चुनौतियां रहीं, लेकिन टीम ने उनके प्रयासों को सराहा।
आईपीएल 2018 में, रॉयल्स ने आखिरी पांच में से चार मैच जीते और प्लेऑफ में जगह बनाई। ऑस्ट्रेलियाई बल्लेबाज स्टीव स्मिथ ने कहा, “अजिंक्य हमेशा एक सच्चे रॉयल रहेंगे। उन्होंने 2018 में बहुत चुनौतीपूर्ण स्थिति में टीम को प्लेऑफ तक पहुंचाया और यह आईपीएल के सबसे बेहतर कमबैक में से एक माना जाएगा।”
स्टीव स्मिथ
स्टीव स्मिथ ने शेन वॉटसन के लिए 2014 और 2015 में स्टैंड-इन कप्तान के रूप में कमान संभाली। आईपीएल 2019 में सीजन के बीच में रहाणे की जगह कप्तानी की। उनका पहला पूरा सीजन कप्तान के रूप में 2020 में रहा। उन्होंने रॉयल्स के लिए केवल 27 मैचों में कप्तानी की और 15 मैच जीते। जीत प्रतिशत के मामले में वह राहुल द्रविड़ के बाद दूसरे स्थान पर हैं।
संजू सैमसन
संजू सैमसन 26 साल की उम्र में राजस्थान रॉयल्स की कप्तानी करने वाले दिग्गज नामों की सूची में शामिल हुए। उन्होंने 2021 में स्टीव स्मिथ से कमान संभाली।
आईपीएल 2022 में, संजू ने रॉयल्स को 2008 के बाद पहली बार फाइनल तक पहुंचाया। टीम ने 14 में से 9 मैच जीते और अंक तालिका में दूसरे स्थान पर रही, लेकिन फाइनल में गुजरात टाइटंस से हार गई। संजू के नेतृत्व में 2023 में रॉयल्स पांचवें स्थान पर रही और नॉकआउट से चूक गई।
सैमसन के नेतृत्व में रॉयल्स आईपीएल 2024 में दूसरी बार प्लेऑफ में पहुंची और 17 अंकों के साथ प्वाइंट्स टेबल में तीसरे स्थान पर रही। टीम ने एलिमिनेटर में रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु को हराया, लेकिन क्वालीफायर 2 में सनराइजर्स हैदराबाद से हार गई।
संजू ने 67 मैचों में कप्तानी की। उन्होंने अपनी कप्तानी में 33 मैच जीते और 32 हार गए। वे राजस्थान रॉयल्स के सबसे सफल कप्तान हैं। 2024 में, उन्होंने शेन वार्न के सबसे ज्यादा मैचों में कप्तानी का रिकॉर्ड तोड़ा और 2025 में सबसे ज्यादा जीत के कप्तान बने। सैमसन एकमात्र रॉयल्स कप्तान हैं जिन्होंने टीम को दो बार प्लेऑफ में पहुंचाया।
रियान पराग
रियान पराग को आईपीएल 2025 के शुरुआती तीन मैचों - सनराइजर्स हैदराबाद, कोलकाता नाइट राइडर्स और चेन्नई सुपर किंग्स के खिलाफ राजस्थान रॉयल्स का कप्तान नियुक्त किया गया। यह फैसला संजू सैमसन की चोट से उबरने के दौरान लिया गया, हालांकि वे बल्लेबाजी के लिए फिट थे लेकिन विकेटकीपिंग या फील्डिंग के लिए पूरी तरह तैयार नहीं थे।
जब 23 वर्षीय पराग ने 23 मार्च को हैदराबाद में सनराइजर्स हैदराबाद के खिलाफ सीजन ओपनर में रॉयल्स को लीड किया, तो वे राजस्थान रॉयल्स के सबसे युवा कप्तान और आईपीएल इतिहास के पांचवें युवा कप्तान बने। स्मिथ 24 साल के थे जब उन्होंने पहली बार रॉयल्स की कप्तानी की थी। पराग ने आईपीएल 2025 में रॉयल्स के लिए 2 जीत हासिल की और 6 में हार मिली।
रियान पराग को आईपीएल 2026 सीजन से पहले आधिकारिक तौर पर राजस्थान रॉयल्स का कप्तान नियुक्त किया गया।
राजस्थान रॉयल्स कप्तान लिस्ट
| कप्तान | मैच | जीत | हार | टाई | कोई परिणाम नहीं | जीत% |
| शेन वॉर्न | 56 | 31 | 24 | 1 | 0 | 55.35 |
| शेन वॉटसन | 21 | 7 | 11 | 2 | 1 | 33.33 |
| राहुल द्रविड़ | 40 | 23 | 17 | 0 | 0 | 57.50 |
| स्टीव स्मिथ | 27 | 15 | 11 | 0 | 1 | 55.55 |
| अजिंक्य रहाणे | 24 | 9 | 15 | 0 | 0 | 37.50 |
| संजू सैमसन | 67 | 33 | 32 | 0 | 1 | 49.25 |
| रियान पराग | 8 | 2 | 6 | 0 | 0 | 25.00 |