राजस्थान रॉयल्स ने आईपीएल 2027 ऑक्शन से पहले अपनी टीम की घोषणा कर दी है। फ्रेंचाइजी ने खिलाड़ियों पर भरोसा जताते हुए उन्हें साथ बनाए रखने का फैसला किया है। वहीं, ट्रेड विंडो के जरिए गेंदबाजी को भी मजबूती दी है।

राजस्थान रॉयल्स की 19 सदस्यीय टीम में रियान पराग, यशस्वी जायसवाल, रवींद्र जडेजा, ध्रुव जुरेल, जोफ्रा आर्चर और वैभव सूर्यवंशी जैसे खिलाड़ी शामिल हैं। टीम में युवा प्रतिभाओं के साथ अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट का अनुभव रखने वाले खिलाड़ियों का भी अच्छा संतुलन है।

पिछले सीजन में तीसरे स्थान पर रहने के बाद राजस्थान की नजरें आगामी सीजन में बेहतर प्रदर्शन करने पर होंगी।

राजस्थान रॉयल्स की टीम में अमन राव पेराला, बृजेश शर्मा, नांद्रे बर्गर, दासुन शनाका, डोनोवन फरेरा, लुआन-ड्रे प्रिटोरियस, रवि बिश्नोई, संदीप शर्मा, शुभम दुबे, सुशांत मिश्रा और यश पुंजा भी शामिल हैं।

इसके अलावा, लखनऊ सुपर जायंट्स के साथ ट्रेड के तहत मोहम्मद शमी और मणिमरण सिद्धार्थ राजस्थान रॉयल्स से जुड़ गए हैं। इस ट्रेड में सैम करन लखनऊ सुपर जायंट्स का हिस्सा बन गए हैं।

राजस्थान रॉयल्स के मुख्य कोच और डायरेक्टर ऑफ क्रिकेट कुमार संगकारा ने कहा, "हमें इस टीम पर भरोसा है और हम अपने खिलाड़ियों को निरंतरता और समर्थन देना चाहते हैं, ताकि वे मिलकर एक मजबूत टीम तैयार कर सकें। हमारे युवा बल्लेबाजों की अहम भूमिका होगी और उनके आसपास मौजूद अनुभवी खिलाड़ियों का मार्गदर्शन उन्हें अधिक जिम्मेदारी निभाने में मदद करेगा।

"शमी और सिद्धार्थ के आने से हमें गेंदबाजी में अतिरिक्त विकल्प मिले हैं। इस टीम के साथ अब हम ऑक्शन में उन भूमिकाओं को ध्यान में रखकर उतर सकते हैं, जिन्हें अभी और मजबूत करने की जरूरत है।

"इन फैसलों के चलते हमें ड्रेसिंग रूम के कुछ ऐसे खिलाड़ियों से भी अलग होना पड़ रहा है, जो हमारी टीम का अहम हिस्सा रहे हैं। हम सभी जाने वाले खिलाड़ियों के योगदान और प्रतिबद्धता के लिए उनका धन्यवाद करते हैं और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हैं।"

फ्रेंचाइजी ने शिमरोन हेटमायर, तुषार देशपांडे, एडम मिल्ने, कुलदीप सेन, युधवीर सिंह, क्वेना मफाका, विग्नेश पुथुर, रवि सिंह और इमनजोत सिंह चहल को रिलीज कर दिया है।

राजस्थान रॉयल्स ने शिमरोन हेटमायर के फ्रेंचाइजी के साथ बिताए समय और उनके योगदान के लिए विशेष रूप से आभार जताया। टीम ने फैंस के साथ साझा किए गए उनके यादगार पलों को भी सराहा और उन्हें भविष्य के लिए शुभकामनाएं दीं।

इसके अलावा, फ्रेंचाइजी ने तुषार देशपांडे के योगदान के लिए भी उनका धन्यवाद किया। टीम ने कहा कि रिलीज किए गए सभी खिलाड़ियों के मैदान के अंदर और बाहर दिए गए योगदान को हमेशा सराहा जाएगा।

आरआर रिटेंशन लिस्ट: IPL 2027 के लिए रिटेन और रिलीज किए गए खिलाड़ियों की लिस्ट

रिटेन किए गए खिलाड़ी: रियान पराग (कप्तान), यशस्वी जायसवाल, वैभव सूर्यवंशी, रवींद्र जडेजा, ध्रुव जुरेल, जोफ्रा आर्चर, अमन राव पेराला, बृजेश शर्मा, नांद्रे बर्गर, दासुन शनाका, डोनोवन फरेरा, लुआन-ड्रे प्रिटोरियस, रवि बिश्नोई, संदीप शर्मा, शुभम दुबे, सुशांत मिश्रा और यश पुंजा।

रिलीज किए गए खिलाड़ी: तुषार देशपांडे, एडम मिल्ने, कुलदीप सेन, युधवीर सिंह, क्वेना मफाका, विग्नेश पुथुर, शिमरोन हेटमायर, रवि सिंह और इमनजोत सिंह चहल।

ट्रेड के जरिए शामिल: मोहम्मद शमी और मणिमरण सिद्धार्थ

ट्रेड के जरिए बाहर: सैम करन

स्कॉड: 19

भरे जाने वाले अधिकतम स्लॉट: 6

शेष पर्स: 27.05 करोड़ रुपये