ईस्ट जोन ने मंगलवार को नॉर्थ ईस्ट जोन को एक पारी और 210 रनों से हराकर दलीप ट्रॉफी 2026 के सेमी-फाइनल में जगह बनाई। इस मुकाबले में वैभव सूर्यवंशी ने गेंदबाजी में अच्छा प्रदर्शन करते हुए फर्स्ट-क्लास क्रिकेट में करियर का सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन किया।
अपनी धमाकेदार बल्लेबाजी के लिए मशहूर 15 साल के क्रिकेटर ने बेंगलुरु के बीसीसीआई सेंटर ऑफ एक्सीलेंस ग्राउंड 2 पर नॉर्थ ईस्ट जोन की दूसरी पारी के दौरान अपनी लेफ्ट-आर्म ऑर्थोडॉक्स स्पिन से चार गेंदों में दो विकेट लिए। नॉर्थ ईस्ट जोन की टीम अपनी दूसरी पारी में 146 रन पर ऑलआउट हो गई।
अपने पहले दलीप ट्रॉफी मैच और कुल मिलाकर सिर्फ नौवां फर्स्ट-क्लास खेलते हुए सूर्यवंशी ने तीन ओवर में 2/11 के आंकड़े दर्ज किए। यह फर्स्ट-क्लास क्रिकेट में उनके करियर का सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन रहा।
Vaibhav Sooryavanshi provides Double Delight ✌️
— BCCI Domestic (@BCCIdomestic) August 25, 2026
Picks up 2⃣ wickets in the over. 2 excellent catches as well. 🙌
North East Zone are 79/7 in the 2nd innings after following on.
Scorecard ▶️ https://t.co/XJFhfvvTIU#DuleepTrophy pic.twitter.com/NnYbBPnrja
ईस्ट जोन के 467 रनों के जवाब में नॉर्थ ईस्ट जोन की टीम 111 रन पर ऑलआउट हो गई, और पहली पारी में 356 रन की भारी बढ़त मिली। इसके बाद नॉर्थ ईस्ट जोन को फॉलो-ऑन खेलने के लिए कहा गया।
इंडियन प्रीमियर लीग में राजस्थान रॉयल्स के लिए खेलने वाले सूर्यवंशी ने पारी के 28वें ओवर में अपनी गेंदबाजी से छाप छोड़ी।
25 रन पर बल्लेबाजी कर रहे किशन लिंगदोह ने इस युवा गेंदबाज की गेंद पर ऑन साइड में बड़ा शॉट खेलने की कोशिश की, लेकिन गेंद बल्ले से ठीक कनेक्ट नहीं हो सकी। सब्स्टीट्यूट फील्डर डेनिश दास ने कैच ले लिया।
तीन गेंद बाद सूर्यवंशी ने फिर से विकेट लिया। इम्लिवती लेमतुर ने गेंद को डिफेंड करने की कोशिश की, लेकिन गेंद उनके बल्ले का किनारा लेकर पीछे चली गई, जहां ईस्ट जोन के कप्तान ईशान किशन ने कैच लिया।
इन दो झटकों के बाद नॉर्थ ईस्ट जोन का स्कोर 79/7 हो गया और सूर्यवंशी ने फर्स्ट-क्लास क्रिकेट में अपने तीसरे और चौथे विकेट हासिल किए।
तीन ओवर में 2/11 के आंकड़े उनके पिछले फर्स्ट-क्लास बेस्ट 1/7 से भी अच्छे थे। उनका पिछला शानदार प्रदर्शन पिछले साल नाडियाड में मणिपुर के खिलाफ बिहार के लिए खेलते हुए रणजी ट्रॉफी प्लेट मुकाबले में आया था।
फर्स्ट-क्लास क्रिकेट में उनका एकमात्र अर्धशतक पटना में रणजी ट्रॉफी 2025-26 प्लेट प्रतियोगित में मेघालय के खिलाफ बिहार के लिए 67 गेंदों पर खेली गई तूफानी 93 रनों की पारी है।
सूर्यवंशी ने नॉर्थ ईस्ट जोन की पहली पारी के दौरान फील्डिंग में भी अपना जादू चलाया था। उन्होंने अभिजीत सरकार की गेंद पर विश्वजीत कोंथौजम का कैच लपका था।
इस युवा खिलाड़ी ने मैच की ईस्ट जोन की एकमात्र पारी में छह गेंदों पर आठ रन बनाए थे, जिसमें दो बाउंड्री भी शामिल थीं।
30 अगस्त से शुरू होने वाले दलीप ट्रॉफी के सेमी-फाइनल में अब ईस्ट जोन का सामना मौजूदा चैंपियन सेंट्रल जोन से होगा।
वहीं बेंगलुरु में आरआर के ही खिलाड़ी तुषार देशपांडे ने भी नॉर्थ जोन के खिलाफ वेस्ट जोन के लिए दलीप ट्रॉफी में शानदार शुरुआत की।
दाएं हाथ के तेज गेंदबाज ने पहली पारी में 4/57 के आंकड़े दर्ज किए। उन्होंने कामरान इकबाल, आयुष बडोनी, अब्दुल समद और आबिद मुश्ताक को पवेलियन का रास्ता दिखाया और विपक्षी टीम 251 रनों पर ऑल-आउट हो गई।
नॉर्थ जोन और वेस्ट जोन के बीच क्वार्टर-फाइनल मुकाबला अभी जारी है। इस मैच की विजेता टीम 30 अगस्त से शुरू होने वाले दूसरे सेमी-फाइनल में साउथ जोन से भिड़ेगी।