राजस्थान रॉयल्स के पूर्व खिलाड़ी जोस बटलर ने युवा खिलाड़ी वैभव सूर्यवंशी पर भरोसा जताया। साथ ही उन्होंने कहा कि वह भविष्य में T20 क्रिकेट के इतिहास में सबसे ज्यादा रन बनाने वाले खिलाड़ी के तौर पर उनका रिकॉर्ड तोड़ सकते हैं।
इंग्लैंड में बुधवार को मैनचेस्टर फ्रेंचाइजी के लिए खेलते हुए जोस बटलर ने वेस्टइंडीज के दिग्गज खिलाड़ी कीरोन पोलार्ड को पीछे छोड़ दिया और इस फॉर्मेट में अब तक के सबसे ज्यादा रन बनाने वाले खिलाड़ी का रिकॉर्ड अपने नाम किया।
इंग्लैंड के इस बल्लेबाज ने अब 522 मैचों में 14,833 रन बनाए हैं, जिसमें नौ शतक और 106 अर्धशतक शामिल हैं।
जोस बटलर ने 2018 से 2024 तक राजस्थान रॉयल्स के साथ सात सीजन खेले और फ्रेंचाइजी के लिए 3055 रन बनाकर टीम के लिए दूसरे सबसे ज्यादा रन बनाने वाले खिलाड़ी बने।
T20 में सर्वाधिक रन बनाने वालों की लिस्ट में शीर्ष पर पहुंचने के बाद जोस बटलर ने कहा कि उन्हें इस उपलब्धि पर गर्व है। लेकिन उन्हें भरोसा है कि वैभव सूर्यवंशी उनसे आगे निकल जाएंगे।
स्काई स्पोर्ट्स को दिए एक इंटरव्यू में बटलर ने कहा, "यह सच में बहुत अच्छी बात है कि आपके नाम T20 में सबसे ज्यादा रन हैं। कोई न कोई तो एक दिन इसे पार करेगा ही - और शायद वह [वैभव] सूर्यवंशी ही हों - लेकिन यह गर्व का पल है।"
सूर्यवंशी की शानदार बल्लेबाजी और उनकी काबिलियत के बारे में जोस बटलर अच्छी तरह वाकिफ हैं। जब इस युवा खिलाड़ी ने गुजरात टाइटंस के खिलाफ 38 गेंदों में 101 रन बनाकर आईपीएल इतिहास में सबसे कम उम्र में शतक लगाने का रिकॉर्ड बनाया था, तब बटलर ही विकेट के पीछे थे।
प्रतिभाशाली खिलाड़ी वैभव सूर्यवंशी ने 2026 सीजन में 16 मैचों में 776 रन बनाकर आईपीएल ऑरेंज कैप जीतने वाले सबसे कम उम्र के खिलाड़ी बनने का रिकॉर्ड बनाया। रिकॉर्ड बनाने के मामले में वैभव पहले से ही काफी आगे हैं।
पिछले महीने इंग्लैंड के खिलाफ अपने T20I डेब्यू के दौरान 15 साल और 99 दिन की उम्र में वैभव सूर्यवंशी भारत के सबसे कम उम्र के पुरुष इंटरनेशनल क्रिकेटर बने।
इसके बाद इस बाएं हाथ के बल्लेबाज ने जिम्बाब्वे के खिलाफ भारत की अगली T20I सीरीज के पहले मुकाबले में 19 गेंदों पर 50 रन बनाए। इसी के साथ 15 साल 118 दिन की उम्र में इंटरनेशनल अर्धशतक लगाने वाले सबसे कम उम्र के खिलाड़ी बन गए।
अपने T20 करियर के सिर्फ 40 मैचों में ही राजस्थान रॉयल्स के इस 15 साल के ओपनर ने 42.82 की औसत और 216.32 के शानदार स्ट्राइक रेट से 1670 रन बनाए हैं। यह आंकड़े इस बात की गवाही देते हैं कि बटलर का भरोसा बेवजह नहीं है।