राजस्थान रॉयल्स के स्पिन गेंदबाज रवि बिश्नोई टी20 क्रिकेट में 200 विकेट लेने वाले सबसे युवा भारतीय खिलाड़ी बनने का गौरव हासिल किया। उन्होंने शनिवार को अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में गुजरात टाइटंस के खिलाफ 4/41 की शानदार गेंदबाजी करते हुए यह उपलब्धि हासिल की।
25 वर्षीय लेग-स्पिनर को इस आंकड़े को पार करने के लिए सिर्फ दो विकेट चाहिए थे। उन्होंने मैच के निर्णायक मोड़ पर दो विकेट लेकर यह लक्ष्य हासिल कर लिया।
गुजरात टाइटंस 211 रनों के लक्ष्य का पीछा करते हुए आधे मैच में 103/1 के मजबूत स्कोर पर थी। बिश्नोई ने फॉर्म में चल रहे बल्लेबाज साई सुदर्शन को आउट करके मैच का रुख पलट दिया। इसके तुरंत बाद अगले ओवर की पहली गेंद पर ग्लेन फिलिप्स को भी आउट कर दिया और इस दौरान उन्होंने 200 विकेट का आंकड़ा भी हासिल कर लिया।
इसके बाद बिश्नोई ने वाशिंगटन सुंदर और राहुल तेवतिया के विकेट भी झटके। इस मैच में उन्होंने टी20 क्रिकेट में अपना चौथा चार विकेट वाला स्पेल भी पूरा किया। 17वें ओवर में अपनी गेंदबाजी समाप्त करते समय गुजरात टाइटंस को अंतिम 18 गेंदों में 30 रन चाहिए थे।
ऐसे में तेवतिया का विकेट सबसे खास रहा। तेवतिया उस समय आक्रामक बल्लेबाजी कर रहे थे। गुजरात को 36 गेंदों में 66 रन चाहिए थे और उनके पास पांच विकेट बाकी थे। ओवर की पहली दो गेंदों पर उन्होंने चौका और छक्का जड़ दिया था, लेकिन बिश्नोई की गुगली पर वह विकेटकीपर ध्रुव जुरेल के हाथों कैच आउट हो गए। तेवतिया मात्र 6 गेंदों में 12 रन बनाकर पवेलियन लौट गए।
बिश्नोई ने बताया, “तेवतिया ऐसे मौकों के लिए एक बेहतर खिलाड़ी हैं। अगर उन्हें आउट नहीं किया होता तो मैच किसी भी तरफ जा सकता था।”
बिश्नोई ने मैच के अंतिम ओवरों में रॉयल्स की गेंदबाजी की तारीफ की। आखिरी दो ओवरों में गुजरात को 15 रन चाहिए थे और उनके पास तीन विकेट बचे थे। राशिद खान और कागिसो रबाडा अच्छे शॉट्स लगा रहे थे।
उन्होंने कहा, “तुषार (देशपांडे) ने जिस तरह गेंदबाजी की, जोफ्रा (आर्चर) ने 19वें ओवर में जिस तरह की गेंदबाजी की, यह एक सामूहिक प्रयास था। यह एक युवा टीम है और हम उम्मीद करते हैं कि हम ऐसे ही एंटरटेनमेंट करते रहेंगे।”
25 साल 211 दिन की उम्र में बिश्नोई भारतीय गेंदबाजों के एक खास समूह में शामिल हो गए है। टी20 क्रिकेट में सबसे युवा उम्र में 200 विकेट लेने का रिकॉर्ड अफगानिस्तान के राशिद खान के नाम है, जिन्होंने यह उपलब्धि 23 वर्ष 119 दिन की उम्र में हासिल की थी।
भारत के सबसे ज्यादा टी20 विकेट लेने वाले गेंदबाज युजवेंद्र चहल हैं, जिनके नाम 330 मैचों में 386 विकेट हैं। बिश्नोई ने मात्र 170 मैचों में 200 विकेट पूरे कर लिए हैं।
बिश्नोई 44 टी20 अंतरराष्ट्रीय मैच खेल चुके हैं, जिसमें उन्होंने 19.51 के औसत और 7.40 की इकोनॉमी से विकेट लिए हैं। वे आईसीसी पुरुष टी20 इंटरनेशनल रैंकिंग में पूर्व विश्व नंबर 1 गेंदबाज भी रह चुके हैं।
आईपीएल में उन्होंने 7 सीजन में 79 मैच खेलकर 77 विकेट लिए हैं। उनका औसत 29.66 और इकोनॉमी 8.21 रही है।
बिश्नोई ने कहा, “पिछला सीजन (लखनऊ सुपर जायंट्स के साथ) मुश्किल थ। जब मैं लेंथ मिस करता हूं तो मुझे मार पड़ती है। मैं अपनी लेंथ पर काम कर रहा था। अगर कोई अच्छी गेंद पर भी मारता है तो कोई बात नहीं। मानसिक, तकनीकी और शारीरिक — सभी में सुधार करना था। मुझे बहुत सारी गेंदें डालनी पड़ीं ताकि मैं बेहतर होता रहूं।”