भारत रत्न श्री अटल बिहारी वाजपेयी एकाना क्रिकेट स्टेडियम में बुधवार को लखनऊ सुपर जायंट्स को 40 रनों से हराकर राजस्थान रॉयल्स ने आईपीएल 2026 में जीत की राह पर वापसी की।
रविंद्र जडेजा की नाबाद 43 रनों की पारी ने आरआर को खराब शुरुआत के बाद संभाला और उन्हें 159/6 का स्कोर बनाने में मदद की।
रॉयल्स के गेंदबाजों ने अनुशासित प्रदर्शन करते हुए इस मामूली स्कोर सफलतापूर्वक बचाव किया। हालांकि, मिशेल मार्श के सीजन के पहले अर्धशतक ने कुछ समय के लिए टीम को दबाव में डाल दिया। लेकिन जोफ्रा आर्चर ने 3/20 के आंकड़े के साथ शानदार प्रदर्शन किया।
इस जीत के साथ ही रॉयल्स की लगातार दो मैचों की हार का सिलसिला भी टूट गया, जबकि उन्होंने सीजन की शुरुआत लगातार चार जीत के साथ की थी।
पहले बल्लेबाजी करने उतरी रॉयल्स ने वैभव सूर्यवंशी और यशस्वी जायसवाल की शानदार बाउंड्री की बदौलत अच्छी शुरुआत की।
तीसरे ओवर में लगा कि जायसवाल अपने रन बनाने की रफ्तार को तेज करने के लिए तैयार हैं, जब उन्होंने मोहम्मद शमी को लगातार तीन चौके जड़े। हालांकि, चौथा शॉट खेलने की कोशिश में गेंद उनके ग्लव्स को छूकर विकेटकीपर के पास चली गई और उनका विकेट गिर गया।
शमी ने अगली ही गेंद पर ध्रुव जुरेल को ऋषभ पंत के हाथों कैच आउट कराया। वैभव सूर्यवंशी भी अगले ही ओवर में पवेलियन लौट गए और रॉयल्स ने आठ गेंदों के अंतराल में बिना कोई रन जोड़े तीन विकेट गंवा दिए।
इसके बाद रियान पराग और शिमरोन हेटमायर ने पारी को संभालने की कोशिश की और 30 रनों की पार्टनरशिप की। लेकिन आरआर कप्तान ने प्रिंस यादव की गेंद पर लॉन्ग ऑन पर निकोलस पूरन को कैच थमा दिया।
कुछ ओवर बाद हेटमायर भी आउट हो गए, जिससे आरआर का स्कोर 77/5 हो गया और उनके पास स्पेशलिस्ट बल्लेबाजों की कमी तेजी से बढ़ती जा रही थी।
इसके बाद अनुभवी रविंद्र जडेजा ने पारी को संभाला। पहले उन्होंने डोनोवन फरेरा के साथ 33 रनों की साझेदारी करके अपनी टीम को 100 के पार पहुंचाया। इसके बाद इम्पैक्ट प्लेयर शुभम दुबे के साथ मिलकर 49 रन और बनाकर रॉयल्स को 150 के पार पहुंचाया।
जडेजा ने रॉयल्स के लिए सबसे ज्यादा रन बनाते हुए 29 गेंदों में 43 रन बनाए।
राजस्थान रॉयल्स ने अपने लक्ष्य का बचाव करने के लिए दृढ़ संकल्प के साथ शुरू किया और रवि सिंह की शानदार फील्डिंग के दम पर आयुष बडोनी पहले ही ओवर में रन आउट हो गए।
इसके बाद अगले ही ओवर में नांद्रे बर्गर ने ऋषभ पंत को जुरेल के हाथों कैच आउट करवाया।
तीसरे ओवर में जोफ्रा आर्चर ने एक बार फिर अपना जादू चलाया और एडन मार्कराम को आउट करके अपना 66वां आईपीएल विकेट लिया। उन्होंने युजवेंद्र चहल के साथ राजस्थान रॉयल्स के लिए सबसे ज्यादा विकेट लेने वाले गेंदबाज के रूप में बराबरी कर ली।
मेजबान टीम ने मिशेल मार्श और निकोलस पूरन की 43 रन की साझेदारी के दम पर पारी को संभाला, लेकिन जडेजा ने 10वें ओवर में वेस्टइंडीज के खिलाड़ी को अपना शिकार बनाया।
रवि बिश्नोई ने भी 15वें ओवर में हिम्मत सिंह को पवेलियन भेजा, लेकिन मार्श ने अपना खेल जारी रखा और 39 गेंदों में सीजन का अपना पहला अर्धशतक जड़ा।
जब लग रहा था कि मार्श पारी को संभालते हुए टीम को जीत दिलाएंगे, तभी कप्तान पराग ने बर्गर को गेंदबाजी के लिए वापस बुलाया और उनका यह फैसला सही साबित हुआ। प्रोटियाज गेंदबाज ने खतरनाक बल्लेबाज को आउट कर दिया, जबकि कप्तान पराग ने भी एक शानदार कैच लेकर अहम योगदान दिया।
बृजेश शर्मा ने 17वें ओवर में दो विकेट लेकर रॉयल्स को जीत के करीब पहुंचाया। वहीं आर्चर ने अगले ओवर में दो और विकेट लेकर जीत पक्की कर दी। इस प्रक्रिया में इंग्लैंड गेंदबाज रॉयल्स के लिए सर्वकालिक सबसे अधिक विकेट लेने वाले गेंदबाज भी बन गए।
रॉयल्स शनिवार को जयपुर में अपने पहले घरेलू मैच में सवाई मानसिंह स्टेडियम में सनराइजर्स हैदराबाद की मेजबानी करेंगे।
लखनऊ सुपर जायंट्स बनाम राजस्थान रॉयल्स, आईपीएल 2026 – संक्षिप्त स्कोर
राजस्थान रॉयल्स: 20 ओवर में 159/6 (रविंद्र जडेजा 43*;मोहसिन खान 2/17)
लखनऊ सुपर जायंट्स: 18 ओवर में 119/10 (मिशेल मार्श 55; जोफ्रा आर्चर 3/20)