वैभव सूर्यवंशी रविवार को टेनिस के सबसे बड़े आयोंजनों में से एक का लुत्फ उठाया। क्रिकेट की दुनिया के शानदार खिलाड़ी ने लंदन के मशहूर ऑल इंग्लैंड क्लब में विंबलडन 2026 के मेंस सिंगल्स फाइनल मुकाबले के रोमांच को महसूस किया।
हाल ही में इंग्लैंड के खिलाफ़ हुई T20I सीरीज में सीनियर इंडिया के लिए डेब्यू करने वाले वैभव पहले से ही यूनाइटेड किंगडम में थे। इस सीरीज में उन्होंने 15 साल और 99 दिन की उम्र में देश के सबसे कम उम्र में इंटरनेशनल डेब्यू करने वाले खिलाड़ी के तौर पर सचिन तेंदुलकर का रिकॉर्ड तोड़ा था।
सलामी बल्लेबाज ने रविवार को लंदन में सेंटर कोर्ट पर यानिक सिनर और अलेक्जेंडर ज़्वेरेव के बीच विंबलडन पुरुष फाइनल देखने के लिए मौजूद थे। उनके साथ भारत के साथी खिलाड़ी और ओपनर अभिषेक शर्मा भी थे।
इन दोनों के साथ पूर्व भारतीय क्रिकेटर युवराज सिंह भी इस मुकाबले को देखने के लिए मौजूद थे।
टेनिस कैलेंडर के सबसे प्रतिष्ठित ग्रैंड स्लैम में से एक माने जाने वाले विंबलडन की परंपराओं को ध्यान में रखते हुए वैभव ने भी इस खास मौके के लिए खास अंदाज में तैयारी की। वह फॉर्मल काले ब्लेजर, सफेद शर्ट और धारीदार टाई के साथ टिंटेड सनग्लासेस पहने नजर आए।
राजस्थान रॉयल्स के साथ इंडियन प्रीमियर लीग के एक रिकॉर्ड-तोड़ सीजन के बाद वैभव सूर्यवंशी को पहली बार भारतीय टीम में चुना गया।
इस युवा खिलाड़ी ने आईपीएल 2026 में 16 मैचों में 776 रन बनाकर सबसे ज्यादा रन बनाने वाले खिलाड़ी के तौर पर अपने अभियान का समापन किया और सबसे कम उम्र में ऑरेंज कैप जीतने वाले खिलाड़ी बने।
उन्होंने 237.30 के स्ट्राइक रेट के साथ मोस्ट वैल्युएबल प्लेयर, इमर्जिंग प्लेयर, सुपर स्ट्राइकर और सुपर सिक्स अवॉर्ड भी अपने नाम किए।
यह उनका लगातार दूसरा सुपर स्ट्राइकर अवॉर्ड था। इससे पहले सीजन में भी उन्होंने 206.55 के स्ट्राइक रेट के साथ इस कैटेगरी में शीर्ष पर जगह बनाई थी, जो उनका पहला आईपीएल सीजन भी था।
आईपीएल 2026 में सूर्यवंशी ने रिकॉर्ड 72 छक्के जड़े और सनराइजर्स हैदराबाद के खिलाफ 36 गेंदों में शतक बनाया। इसके अलावा वह सबसे कम गेंदों में 1000 आईपीएल रन बनाने वाले बल्लेबाज भी बने। उन्होंने आंद्रे रसेल का रिकॉर्ड तोड़ते हुए सिर्फ 440 गेंदों में यह मुकाम हासिल किया।
इस बाएं हाथ के बल्लेबाज ने एक और उपलब्धि अपने नाम की। वह एक ही आईपीएल सीजन में पावरप्ले में 500 रन बनाने वाले पहले बल्लेबाज बने। यह ऐसी उपलब्धि है जिसे अब तक किसी भी मान्यता प्राप्त T20 टूर्नामेंट में कोई और खिलाड़ी नहीं कर पाया है।
उनकी कुछ दमदार पारियां प्लेऑफ में देखने को मिलीं। सूर्यवंशी ने एलिमिनेटर में सनराइजर्स हैदराबाद के खिलाफ 29 गेंदों में 97 रन बनाए। इसके बाद क्वालीफायर 2 में गुजरात टाइटंस के खिलाफ 47 गेंदों में 96 रन की पारी खेली।
जिम्बाब्वे के खिलाफ होने वाली T20 सीरीज के लिए भारतीय टीम में वैभव का नाम भी शामिल किया गया है। यह सीरीज 23 जुलाई से शुरू होगी। इसमें वह रॉयल्स के अपने साथी खिलाड़ी रवि बिश्नोई के साथ टीम का हिस्सा बनेंगे।