राजस्थान रॉयल्स के शानदार खिलाड़ी वैभव सूर्यवंशी को टाइम100 नेक्स 2026 में शामिल किया गया है। यह मैगजीन की सालाना लिस्ट है। इस लिस्ट में खेल, मनोरंजन, राजनीति और कारोबार समेत कई क्षेत्रों की ऐसी 100 हस्तियों को चुना जाता है, जिनसे भविष्य को आकार देने की उम्मीद की जाती है।
महज 15 साल की उम्र में वैभव सूर्यवंशी इस साल की लिस्ट में सबसे कम उम्र के खिलाड़ी हैं और इस सम्मान के लिए चुने गए सात खिलाड़ियों में शामिल हैं।
इस साल चुने गए अन्य एथलीटों में अमेरिकन फुटबॉल क्वार्टरबैक आर्च मैनिंग, एनबीए खिलाड़ी टायरेस मैक्सी, फुटबॉलर नाओमी गिरमा और फोलारिन बालोगुन, टेनिस खिलाड़ी एलेक्जेंड्रा एला और बास्केटबॉल खिलाड़ी ओलिविया माइल्स शामिल हैं।
टाइम के अनुसार वैभव "तेजी से ग्लोबल स्पोर्ट्स की सबसे शानदार हस्तियों में से एक बन रहे हैं और उनकी तरक्की को बहुत तेजी से मिली सफलता बताया गया है।
वैभव सूर्यवंशी साल 2024 में सबसे ज्यादा सुर्खियां तब बटोरीं, जब राजस्थान रॉयल्स ने आईपीएल 2025 की नीलामी में 13 साल के वैभव को अपनी टीम में शामिल किया। इसके साथ ही वह इंडियन प्रीमियर लीग टीम के लिए साइन किए जाने वाले सबसे युवा खिलाड़ी बन गए।
उन्होंने 14 साल की उम्र में उसी सीजन में आईपीएल में डेब्यू किया और इस टूर्नामेंट में खेलने वाले सबसे युवा खिलाड़ी बन गए।
कुछ दिनों बाद उन्होंने किसी भारतीय बल्लेबाज द्वारा सबसे तेज आईपीएल शतक जड़ा, जो लीग के इतिहास में दूसरा सबसे तेज शतक था। इस पारी ने उन्हें मेंस T20 क्रिकेट में सबसे कम उम्र में शतक लगाने वाला खिलाड़ी भी बना दिया।
बीते एक साल में बिहार के इस युवा खिलाड़ी ने अपनी अमिट छाप छोड़ी है।
रॉयल्स के लिए आईपीएल 2026 का सीजन उनके लिए बेहद शानदार रहा। वह टूर्नामेंट के इतिहास में सबसे कम उम्र में ऑरेंज कैप और इमर्जिंग प्लेयर ऑफ द ईयर जीतने वाले खिलाड़ी बने।
इसके बाद सूर्यवंशी ने सीनियर भारतीय टीम में अपनी जगह पक्की की। उन्होंने 2026 में इंग्लैंड के खिलाफ अपना T20I डेब्यू किया और अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट खेलने वाले सबसे युवा भारतीय बनकर सचिन तेंदुलकर का लंबे समय से चला आ रहा रिकॉर्ड तोड़ दिया।
अपनी दूसरी ही T20I सीरीज में वह सबसे ज्यादा रन बनाने वाले खिलाड़ी बने और भारत ने जिम्बाब्वे के खिलाफ 3-0 से सीरीज अपने नाम की।
उन्होंने तीन मैचों की सीरीज में दो अर्धशतक पूरे किए, जिसमें पहले मैच में 19 गेंदों पर बनाए गए 50 रन भी शामिल थे। इस पारी के साथ वह मेंस इंटरनेशनल क्रिकेट में अर्धशतक लगाने वाले सबसे युवा खिलाड़ी बन गए। उन्होंने हरारे में 49 गेंदों पर 81 रनों की पारी के साथ सीरीज का समापन किया।
सीनियर टीम में अपनी जगह बनाने के साथ-साथ सूर्यवंशी ने कई एज-ग्रुप रिकॉर्ड भी तोड़े हैं। 2026 की शुरुआत में उन्होंने इंग्लैंड के खिलाफ फाइनल में शतक जड़कर भारत को अंडर-19 वर्ल्ड कप जिताने में अहम भूमिका निभाई थी।
वैभव अभी एशियन गेम्स 2026 में भारत के लिए खेल रहे हैं। उन्होंने गुरुवार को श्रीलंका के खिलाफ सेमीफाइनल में इस मल्टी-स्पोर्ट इवेंट में अपना डेब्यू किया। उन्होंने 21 गेंदों पर 38 रन बनाए, जिसमें से 36 रन चौकों और छक्कों से आए।