वैभव सूर्यवंशी ने आईपीएल 2026 में रिकॉर्ड तोड़ प्रदर्शन करते हुए ऑरेंज कैप और मोस्ट वैल्यूएबल प्लेयर (एमवीपी) का खिताब जीता।
टूर्नामेंट में सबसे ज्यादा रन बनाने वाले खिलाड़ी के तौर पर वैभव सूर्यवंशी ने महज 15 साल और 65 दिन की उम्र में आईपीएल ऑरेंज कैप जीतने वाले सबसे कम उम्र के खिलाड़ी बनकर इतिहास रच दिया। उन्होंने पिछले साल 23 साल और 237 दिन की उम्र में आईपीएल ऑरेंज कैप जीतने वाले साई सुदर्शन को पीछे छोड़ दिया।
राजस्थान रॉयल्स के सलामी बल्लेबाज वैभव सूर्यवंशी ने आईपीएल 2026 में 16 मैचों में 237.30 के शानदार स्ट्राइक रेट से 776 रन बनाए और रन बनाने के मामले में गुजरात टाइटंस के शुभमन गिल और साई सुदर्शन से आगे रहे।
वह ऑरेंज कैप जीतने वाले राजस्थान रॉयल्स के दूसरे खिलाड़ी भी हैं। जोस बटलर ने 2022 में यह उपलब्धि हासिल की थी।
आईपीएल 2026 के सबसे अधिक रन बनाने वाले खिलाड़ी
खिलाड़ी | रन | मैच | स्ट्राइक रेट |
वैभव सूर्यवंशी (आरआर) | 776 | 16 | 237.30 |
शुभमन गिल (जीटी) | 732 | 16 | 163.02 |
साई सुदर्शन (जीटी) | 722 | 17 | 157.98 |
विराट कोहली (आरसीबी) | 675 | 16 | 165.84 |
वैभव सूर्यवंशी ने रविवार को आईपीएल 2026 के फाइनल के बाद आयोजित अंतिम पुरस्कार वितरण समारोह में सुपर स्ट्राइकर ऑफ द सीजन, इमर्जिंग प्लेयर ऑफ द सीजन और सुपर सिक्स ऑफ द सीजन पुरस्कार भी जीते।
इस युवा खिलाड़ी ने पिछले सीजन में भी अपने शानदार स्ट्राइक रेट 206.55 के लिए सुपर स्ट्राइकर का पुरस्कार जीता था। इस बार उन्होंने इसे भी पीछे छोड़ दिया।
सूर्यवंशी के असाधारण सीजन में रिकॉर्ड 72 छक्के, सनराइजर्स हैदराबाद के खिलाफ 36 गेंदों में तूफानी शतक और कई शानदार पारियां शामिल थीं, जिनकी बदौलत राजस्थान रॉयल्स प्लेऑफ में पहुंची।
इस सीज़न के दौरान बाएं हाथ के इस बल्लेबाज ने आईपीएल इतिहास रचते हुए सबसे कम गेंदों में 1000 रन बनाने वाले बल्लेबाज का रिकॉर्ड बनाया। उन्होंने मात्र 440 गेंदों में यह उपलब्धि हासिल करते हुए आंद्रे रसेल के पिछले रिकॉर्ड को तोड़ दिया।
वह एक ही आईपीएल सीज़न में पावरप्ले में 500 रन बनाने वाले पहले खिलाड़ी और किसी भी टी20 टूर्नामेंट में यह उपलब्धि हासिल करने वाले पहले बल्लेबाज भी बने।
सूर्यवंशी ने प्लेऑफ में अपना सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन किया। उन्होंने एलिमिनेटर में सनराइजर्स हैदराबाद के खिलाफ 29 गेंदों में 97 रन बनाए और फिर क्वालीफायर 2 में गुजरात टाइटंस के खिलाफ 47 गेंदों में 96 रनों की धमाकेदार पारी खेली।
उनके इस शानदार प्रदर्शन ने उन्हें एक ही आईपीएल सीज़न में सबसे अधिक रन बनाने वाले अनकैप्ड खिलाड़ी का रिकॉर्ड भी दिलाया। इसके साथ ही उन्होंने एक आईपीएल सीज़न में सबसे अधिक छक्कों के क्रिस गेल का रिकॉर्ड भी तोड़ दिया। गेल के नाम काफी लंबे समय से यह रिकॉर्ड दर्ज था।
गिल और सुदर्शन ने आईपीएल 2026 के फाइनल में ऑरेंज कैप की रेस में राजस्थान रॉयल्स के सलामी बल्लेबाज को पीछे छोड़ने का मौका था, लेकिन दोनों में से कोई भी उनके स्कोर को पार नहीं कर सका। जिसके चलते वैभव सूर्यवंशी आईपीएल 2026 में सबसे अधिक रन बनाने वाले खिलाड़ी बन गए।