वैभव सूर्यवंशी ने रविवार को एक बार फिर रिकॉर्ड बुक में अपना नाम दर्ज कराया, जब उन्होंने टैलेंट टीवी कप 2026 के फाइनल में इंडिया ए के लिए खेलते हुए श्रीलंका ए के खिलाफ लिस्ट ए क्रिकेट का सबसे तेज अर्धशतक जड़ दिया।
इस युवा बल्लेबाज ने महज 11 गेंदों में अपना अर्धशतक पूरा किया, जो लिस्ट ए क्रिकेट के इतिहास का सबसे तेज अर्धशतक बन गया।
वैभव ने विस्फोटक बल्लेबाजी करते हुए सिर्फ 29 गेंदों में 94 रन की तूफानी पारी खेली। अपनी इस शानदार पारी में उन्होंने 10 चौके और 8 छक्के लगाए।
उनका स्ट्राइक रेट 324.13 का रहा, जिसने दर्शकों और क्रिकेट जगत को पूरी तरह हैरान कर दिया। वैभव सूर्यवंशी की यह पारी युवा भारतीय बल्लेबाज की असाधारण प्रतिभा और आक्रामक खेल का एक और शानदार उदाहरण साबित हुई।
मेजबान श्रीलंका ए ने रंगिरी डंबुला इंटरनेशनल स्टेडियम में टॉस जीतकर इंडिया ए को पहले बल्लेबाजी के लिए आमंत्रित किया। हालांकि, वैभव सूर्यवंशी ने शुरुआत से ही अपने इरादे साफ कर दिए।
उन्होंने क्रीज पर आते ही आक्रामक अंदाज अपनाया और अपनी पहली रन दो शानदार बाउंड्री लगाकर बटोरे। वैभव की शुरुआती बल्लेबाजी ने साफ संकेत दे दिया था कि वह इस मुकाबले में गेंदबाजों पर पूरी तरह हावी होने के इरादे से उतरे हैं।
इसके बाद 15 वर्षीय वैभव सूर्यवंशी ने तीसरे ओवर में पूरी तरह कहर बरपा दिया। उन्होंने मोहम्मद सिराज के ओवर में आक्रामक बल्लेबाजी करते हुए 26 रन बटोर लिए, जिसमें दो चौके और तीन शानदार छक्के शामिल रहे।
वैभव का तूफान यहीं नहीं रुका। उन्होंने इसके बाद एक और चौका और दो छक्के लगाकर महज 11 गेंदों में अपना अर्धशतक पूरा कर लिया।
इसके साथ ही उन्होंने लिस्ट ए क्रिकेट इतिहास का सबसे तेज अर्धशतक लगाने का नया विश्व रिकॉर्ड अपने नाम कर लिया।
इससे पहले यह रिकॉर्ड कौशल्या वीरत्ने के नाम था, जिन्होंने 2005 में रगामा क्रिकेट क्लब के लिए खेलते हुए सिर्फ 12 गेंदों में अर्धशतक जड़ा था। वैभव ने इस दौरान भारतीय रिकॉर्ड भी तोड़ दिया। इससे पहले भारत के लिए सबसे तेज लिस्ट ए फिफ्टी का रिकॉर्ड सरफराज खान के नाम था।
सरफराज ने पिछले सीजन विजय हजारे ट्रॉफी में मुंबई की ओर से खेलते हुए पंजाब के खिलाफ 15 गेंदों में अर्धशतक लगाया था।
दिसंबर 2024 में लिस्ट ए डेब्यू करने वाले वैभव ने बेहद कम समय में अपनी खास पहचान बना ली है। 15 वर्षीय बल्लेबाज अब तक 12 लिस्ट ए मुकाबले खेल चुके हैं और घरेलू क्रिकेट में बिहार के लिए उनका सर्वोच्च स्कोर 190 रन रहा है।
हालांकि, वैभव सूर्यवंशी अपने शतक से महज छह रन दूर रह गए। वह 94 रन बनाकर आउट हुए, लेकिन उससे पहले अपनी विस्फोटक पारी से इंडिया ए को सिर्फ नौ ओवर में 132/1 के मजबूत स्कोर तक पहुंचा चुके थे।
वैभव ने इस सीरीज का समापन शानदार अंदाज में किया। उन्होंने पांच मैचों में 211 रन बनाए, जिसमें उनका औसत 42.20 और स्ट्राइक रेट 200.95 का रहा।
वैभव ने राजस्थान रॉयल्स के लिए इंडियन प्रीमियर लीग 2026 में भी धमाकेदार प्रदर्शन किया था। वह आईपीएल 2026 में टीम के सबसे सफल बल्लेबाज रहे।
उन्होंने 16 मैचों में 776 रन बनाए, जिसमें उनका औसत 48.50 और विस्फोटक स्ट्राइक रेट 237.30 का रहा।
इस शानदार प्रदर्शन के दम पर वैभव आईपीएल इतिहास में ऑरेंज कैप जीतने वाले सबसे युवा खिलाड़ी बने। इसके साथ ही उन्होंने MVP अवॉर्ड जीतकर भी इतिहास रच दिया।
खिलाड़ी | गेंद | टीम | प्रतिद्वंदी | साल |
वैभव सूर्यवंशी | 11 | इंडिया ए | श्रीलंका ए | 2026 |
कौशल्या वीररत्ने | 12 | रागामा क्रिकेट क्लब | कुरुनेगाला यूथ क्रिकेट क्लब | 2005 |
थिसारा परेरा | 13 | श्रीलंका आर्मी स्पोर्ट्स क्लब | ब्लूमफ़ील्ड क्रिकेट एंड एथलेटिक क्लब | 2020/21 |
रोरी क्लेनवेल्ट | 14 | वेस्टर्न प्रोविंस | क्वाजुलू-नेटल | 2010/11 |
एडम हॉलिओक | 15 | सूरी | यॉर्कशायर | 1994 |
सलमान बट | 15 | नेशनल बैंक ऑफ पाकिस्तान | लाहौर ईगल्स | 2008/09 |
परवेज़ हुसैन | 15 | अबाहाणी लिमिटेड | शाइनपुकुर क्रिकेट क्लब | 2024/25 |
सरफराज खान | 15 | मुंबई | पंजाब | 2025/26 |