इकाना क्रिकेट स्टेडियम में बुधवार को खेले गए आईपीएल 2026 के मुकाबले में राजस्थान रॉयल्स ने लखनऊ सुपर जायंट्स को 40 रनों से मात दी। यह जीत रविंद्र जडेजा के शानदार ऑलराउंड प्रदर्शन की बदौलत मिली, जिन्हें प्लेयर ऑफ द मैच चुना गया।
अनुभवी ऑलराउंडर जडेजा मैच में रॉयल्स के लिए सबसे ज्यादा रन बनाने वाले बल्लेबाज रहे। उन्होंने 29 गेंदों में नाबाद 43 रन बनाए। उन्होंने गेंद से भी बेहतरीन प्रदर्शन करते हुए 1/29 के आंकड़े के साथ लखनऊ सुपर जायंट्स के बल्लेबाजों पर अपना दबदबा बनाए रखा और निकोलस पूरन का अहम विकेट भी लिया।
अपनी सटीक टाइमिंग के कारण, खास तौर पर रविंद्र जडेजा की बल्लेबाजी पारी ने मैच का रुख तय करने में निर्णायक भूमिका निभाई
37 वर्षीय जडेजा उस समय मैदान पर उतरे, जब रॉयल्स 62/4 के स्कोर पर मुश्किल में थी। इसके बाद ठीक आठ गेंद बाद शिमरोन हेटमायर आउट हो गए।
लेकिन जडेजा घबराए नहीं और पारी का संभाला। उन्होंने टीम के लिए अहम साझेदारियां कीं, पहले डोनोवन फरेरा के साथ और फिर इम्पैक्ट प्लेयर शुभम दुबे के साथ।
दबाव में होने के बाद भी जडेजा ने मैदान पर ज्यादा देर तक रूकने को प्राथमिकता दी, मिडिल ओवरों में समझदारी से खेले और अंत में दुबे के साथ मिलकर आक्रामक बल्लेबाजी की।
जडेजा ने मैच के बाद कहा, “जब मैं बल्लेबाजी कर रहा था, तो यह इतना आसान नहीं था। एलएसजी के पास बेहतरीन तेज गेंदबाज हैं, जो अच्छी रफ्तार से और सही जगह पर गेंदबाजी कर रहे थे। लाल मिट्टी की पिच थी, इसलिए गेंद में बाउंस था और वे गेंद को स्विंग करा रहे थे। हमारे लगातार विकेट गिरते रहे और कोई साझेदारी नहीं बना पाए।”
उन्होंने आगे कहा, “इसलिए, डोनोवन और मैंने पारी को अंत तक ले जाने के बारे में बात की। लेकिन टी20 क्रिकेट में अच्छा स्कोर बनाने के लिए आपको जगह-जगह जोखिम लेने पड़ते हैं। दुर्भाग्य से वह गलत समय पर आउट हो गए।”
पारी को संभालते हुए आरआर को सम्मानजनक स्कोर तक पहुंचाने के बाद जडेजा ने आखिरी ओवर पर निशाना साधा और मयंक यादव की गेंद पर 20 रन बनाए।
उन्होंने पहले ही अनुमान लगा लिया था कि मयंक यादव ही यह ओवर फेंकेंगे। उन्होंने अपनी पारी को उसी हिसाब से ढाला। उन्होंने फील्डिंग और गेंदबाजी की गति का पूरा फायदा उठाया।
जडेजा ने कहा, “मैं ओवरों का हिसाब लगा रहा था और मुझे पता था कि मयंक यादव आखिरी ओवर फेंक सकते हैं। मैं उनके पेस का फायदा उठाना चाहता था, क्योंकि लेग साइड की बाउंड्री छोटी थी और मिड-ऑफ और मिड-ऑन ऊपर थी।”
उन्होंंने कहा, “तीन गेंदें शॉर्ट थीं और उसने एक फुल लेंथ गेंद फेंककर मुझे चकमा देने की कोशिश की, लेकिन सौभाग्य से मैं उस पर भी चौका लगाने में कामयाब रहा। हमें वो 20 रन मिल गए और एक टीम के रूप में जब आपके गेंदबाजों के पास कुछ अतिरिक्त रन होते हैं, तो आपका आत्मविश्वास बढ़ता है।”
आखिरी ओवर में मिले 20 रनों ने राजस्थान को 159 के स्कोर तक पहुंचा दिया, जो चुनौतीपूर्ण पिच पर पर्याप्त साबित हुआ। इस दमदार पारी ने ना सिर्फ स्कोरबोर्ड को बदला बल्कि गेंदबाजों को अटैक करने का पर्याप्त समय भी दिया।
पिच को समझते हुए जडेजा ने गेंदबाजी में भी यही रुख अपनाया और मिशेल मार्श और निकोलस पूरन जैसे पावर-हिटर बल्लेबाजों के खिलाफ धीमी गति और विविधता के साथ गेंदबाजी की।
उन्होंने कहा, “जब मैं दिग्वेश राठी के खिलाफ बल्लेबाजी कर रहा था, तो उनकी कुछ गेंदें विकेट पर रुक रही थीं। इसलिए मैंने सोचा कि अगर मैं इस पिच पर धीमी गेंदबाजी करूं, तो शायद मुझे भी कुछ मदद मिल सके। मैं मिशेल मार्श या पूरन को कोई गति नहीं देना चाहता था, क्योंकि वे बड़े हिटर हैं और बड़े शॉट के लिए जाने जाते हैं।”
उन्होंने आगे कहा, “इसलिए, मैंने धीमी गति से गेंदबाजी की, लेकिन मैं अपनी गति में विविधता भी लाना चाहता था। क्योंकि मैं नहीं चाहता था कि बल्लेबाज मेरी गेंदबाजी को आसानी से समझ सकें। अगर वे एक या दो छक्के मार देते हैं, तो पहले बना सारा दबाव खत्म हो जाता है, जिससे आवश्यक रनों का अंतर कम हो जाता है।”
जोफ्रा आर्चर की शानदार गेंदबाजी (3/20) के दम पर राजस्थान रॉयल्स ने एलएसजी को 18 ओवरों में 119 रनों पर ऑल आउट कर दिया और शानदार जीत अपने नाम की।
हालांकि, दबाव में जडेजा की पारी ही मैच का असली टर्निंग प्वाइंट साबित हुई।
उन्होंने कहा, “जब मैं मैदान पर आता हूं, तो मैं अपना अहंकार होटल के कमरे में ही छोड़ देता हूं। मैं बस यही सोचता हूं कि टीम मुझसे जिस भी तरह की उम्मीद करे। मैं उसमें अपना योगदान दूं। बल्लेबाजी की बात करें तो मैं इस मैच में अंत तक खेलना चाहता था, क्योंकि अगर मैं 17वें या 18वें ओवर में गलत शॉट खेलकर आउट हो जाता, तो हम 159 रन तक नहीं पहुंच पाते और शायद 20-25 रन से हार जाते।”
जडेजा की सधी हुई और मैच जिताने वाली पारी का महत्व इसलिए भी बढ़ गया था। क्योंकि इसी पारी के दम रॉयल्स ने इस सीजन में लगातार दो मैचों में हार का सिलसिला तोड़ते हुए जीत की राह पर वापसी की।
आरआर अब आईपीएल 2026 प्वाइंट्स टेबल में दूसरे स्थान पर पहुंच गई है और शनिवार को जयपुर के सवाई मानसिंह स्टेडियम में सनराइजर्स हैदराबाद की मेजबानी करेगा। यह इस सीजन में जयपुर में उसका पहला घरेलू मैच होगा।