रविंद्र जडेजा ने सोमवार को राजकोट के निरंजन शाह स्टेडियम में रेड-बॉल क्रिकेट में अपना शानदार प्रदर्शन जारी रखा। उन्होंने सौराष्ट्र के लिए रणजी ट्रॉफी 2026-27 के अपने पहले मैच में छत्तीसगढ़ के खिलाफ शतक जड़ा।
अनुभवी ऑलराउंडर ने सात चौकों की मदद से 209 गेंदों पर 102 रन बनाए, जिससे सौराष्ट्र क्रिकेट टीम 392 रन का स्कोर बना सकी।
सौराष्ट्र के दो विकेट जल्दी गिरने और स्कोर 120/3 हो जाने के बाद 41वें ओवर में बल्लेबाजी करने उतरे जडेजा ने पारी को संभाला। साथ ही मेजबान टीम को मुश्किल स्थिति से निकलने में मदद की।
बाएं हाथ के बल्लेबाज ने बाउंड्री के साथ अपना खाता खोला और 78वें ओवर में अपना अर्धशतक जड़ा। उन्होंने प्रेरक मांकड़ के साथ मिलकर 205 रन की साझेदारी की, जिससे सौराष्ट्र का स्कोर 151/4 से 356/5 हो गया।
इंडियन प्रीमियर लीग में राजस्थान रॉयल्स के खिलाड़ी रविंद्र जडेजा पहले दिन का खेल खत्म होने पर 72 रन बनाकर नाबाद रहे। इसकी वजह से सौराष्ट्र की स्थिति मजबूत हो गई।
दूसरे दिन खेल शुरू होने पर उन्होंने दो और चौके लगाए। इसके बाद 110वें ओवर में एक रन लेकर अपना शतक पूरा किया। हालांकि, अगले ही ओवर में धर्मेंद्र सिंह जडेजा ने उन्हें आउट कर दिया और सौराष्ट्र की पारी 392 रनों पर समाप्त हो गई।
यह जडेजा का फर्स्ट-क्लास क्रिकेट में 16वां शतक था। फर्स्ट-क्लास क्रिकेट में अब उनके नाम 44.75 की औसत से कुल 8504 रन दर्ज हैं। उनका सर्वाधिक स्कोर 331 रन है, जो उन्होंने 2012-13 रणजी ट्रॉफी सीजन में रेलवे के खिलाफ बनाया था।
जडेजा हाल के सालों में रेड-बॉल क्रिकेट में भारत के सबसे भरोसेमंद खिलाड़ियों में से एक रहे हैं। उन्होंने 2025 में भारत में खेली गई टेस्ट सीरीज के दौरान वेस्टइंडीज के खिलाफ शतक और दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ अर्धशतक जड़ा था।
37 साल के इस ऑलराउंडर ने भारत के लिए 91 टेस्ट मैचों में 37.81 की औसत से 4160 रन बनाए हैं, जिसमें छह शतक और 28 अर्धशतक शामिल हैं।
इसके साथ ही वह भारतीय क्रिकेट इतिहास में पांचवें सबसे ज्यादा विकेट लेने वाले गेंदबाज भी हैं। उन्होंने 25.30 की औसत से 356 विकेट हासिल किए हैं।