राजस्थान रॉयल्स ने मंगलवार को आईपीएल 2027 सीजन से पहले लखनऊ सुपर जायंट्स के साथ ट्रेड के तहत तेज गेंदबाज मोहम्मद शमी और मणिमरण सिद्धार्थ को अपनी टीम में शामिल करने का ऐलान किया। इस ट्रेड के तहत सैम करन राजस्थान रॉयल्स से लखनऊ सुपर जायंट्स में जाएंगे।
मोहम्मद शमी के पास बड़े मुकाबलों में शानदार प्रदर्शन करने का अनुभव है। उन्होंने 2023 आईपीएल में 28 विकेट लेकर पर्पल कैप अपने नाम की थी। वहीं, 2023 वनडे विश्व कप में भी वह सबसे ज्यादा विकेट लेने वाले गेंदबाज रहे थे। उन्होंने टूर्नामेंट में सिर्फ सात मैचों में 24 विकेट हासिल किए थे।
उस विश्व कप अभियान में न्यूजीलैंड के खिलाफ सेमीफाइनल में शमी का 7/57 का प्रदर्शन भी शामिल था। उनके इस शानदार प्रदर्शन की बदौलत भारत ने फाइनल में जगह बनाई थी।
शमी के टीम में शामिल होने से राजस्थान रॉयल्स को एक ऐसे गेंदबाज का अनुभव मिलेगा, जो फ्रेंचाइजी और अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट दोनों स्तरों पर मैच जिताने की क्षमता रखता है।
वहीं, बाएं हाथ के स्पिनर मणिमरण सिद्धार्थ अपनी गेंदबाजी से राजस्थान रॉयल्स के अटैक में विविधता लाएंगे। वह नई गेंद और पावरप्ले के दौरान बेहतरीन गेंदबाजी करने में सक्षम हैं। उनकी प्रभावी आर्म बॉल भी उनकी गेंदबाजी को खास बनाती है।
सिद्धार्थ ने 2021 सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी के फाइनल में बड़ौदा के खिलाफ 20 रन देकर चार विकेट हासिल किए थे। उनके इस मैच जिताऊ प्रदर्शन के लिए उन्हें प्लेयर ऑफ द मैच चुना गया था। उनकी शानदार गेंदबाजी की बदौलत तमिलनाडु ने खिताब अपने नाम किया था।
राजस्थान रॉयल्स के क्रिकेट डायरेक्टर और मुख्य कोच कुमार संगकारा ने कहा, "हम अपनी भारतीय गेंदबाजी के विकल्पों को मजबूत करना चाहते थे। शमी और सिद्धार्थ हमें ऐसा करने के दो अलग-अलग तरीके देते हैं।
नई गेंद से विकेट लेने की शमी की क्षमता हमारे तेज गेंदबाजी अटैक को मजबूती देगी। साथ ही, टीम के युवा गेंदबाजों के लिए उनका अनुभव भी काफी उपयोगी साबित होगा।
"सिद्धार्थ के आने से हमें बाएं हाथ के स्पिन गेंदबाज का एक और विकल्प मिलेगा। इससे हम अपनी गेंदबाजी इकाई को अलग-अलग परिस्थितियों के अनुसार तैयार कर सकेंगे। हम दोनों खिलाड़ियों का टीम में स्वागत करने और आगामी सीजन से पहले उनके साथ काम करने को लेकर उत्साहित हैं।"
राजस्थान रॉयल्स ने सैम करन के लखनऊ सुपर जायंट्स से जुड़ने पर उन्हें शुभकामनाएं दीं। फ्रेंचाइजी ने आगामी सीजन के लिए उनके अच्छे प्रदर्शन की कामना भी की।