रियान पराग को अगले महीने श्रीलंका में होने वाली वनडे ट्राई-सीरीज के लिए इंडिया ए क्रिकेट टीम का उपकप्तान बनाया गया है। बीसीसीआई ने गुरुवार को 15 सदस्यीय भारतीय टीम का ऐलान किया।

राजस्थान रॉयल्स के कप्तान रियान पराग के साथ उनके टीममेट वैभव सूर्यवंशी और युधवीर सिंह को भी स्क्वॉड में जगह मिली है।

श्रीलंका, अफगानिस्तान और भारत की ए टीमों के बीच होने वाली यह ट्राई-सीरीज 9 जून से 21 जून तक दांबुला में खेली जाएगी। राउंड-रॉबिन फॉर्मेट में हर टीम एक-दूसरे के खिलाफ दो-दो मैच खेलेगी, जबकि अंक तालिका में शीर्ष दो टीमें फाइनल में पहुंचेंगी। टूर्नामेंट के सभी मुकाबले एक ही मैदान पर आयोजित होंगे।

भारत के लिए अंतरराष्ट्रीय व्हाइट-बॉल क्रिकेट खेल चुके रियान पराग आईपीएल 2026 में राजस्थान रॉयल्स के कप्तान भी हैं। उन्होंने अब तक 55 लिस्ट ए मैचों में 41.42 की औसत और 104.06 की स्ट्राइक रेट से 1,947 रन बनाए हैं।

वहीं युवा बल्लेबाज वैभव सूर्यवंशी, जो पिछले साल एशिया कप राइजिंग स्टार्स में इंडिया ए टीम का हिस्सा थे। उन्होंने इस फॉर्मेट में आठ मैचों में 44.12 की औसत और 164.95 की विस्फोटक स्ट्राइक रेट से रन बनाए हैं।

पिछले साल यूएई के खिलाफ इंडिया ए के लिए खेलते हुए वैभव ने राइजिंग स्टार्स एशिया कप में सिर्फ 42 गेंदों में 144 रन की तूफानी पारी खेली थी। इसके साथ ही वह सीनियर स्तर पर किसी राष्ट्रीय प्रतिनिधि टीम के लिए शतक लगाने वाले सबसे युवा पुरुष क्रिकेटर बन गए थे।

आईपीएल 2026 में भी वैभव शानदार फॉर्म में हैं। वह इस सीजन में राजस्थान रॉयल्स के सबसे ज्यादा रन बनाने वाले बल्लेबाज हैं। 11 मैचों में वह 440 रन बना चुके हैं, जिसमें एक शतक और दो अर्धशतक शामिल हैं।

वहीं तेज गेंदबाज युधवीर सिंह ने अब तक 23 लिस्ट ए मुकाबलों में 28 विकेट अपने नाम किए हैं। उनका सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन 2022-23 विजय हजारे ट्रॉफी में देखने को मिला था, जब उन्होंने जम्मू-कश्मीर के लिए खेलते हुए नागालैंड के खिलाफ 4/54 के शानदार आंकड़े दर्ज किए थे।

ट्राई-सीरीज के बाद इंडिया ए टीम गॉल में श्रीलंका ए टीम के खिलाफ दो मल्टी-डे मुकाबले भी खेलेगी। रेड-बॉल सीरीज के लिए भारतीय टीम का ऐलान बाद में किया जाएगा।

श्रीलंका में 2026 वनडे टाई सीरीज के लिए भारतीय ए क्रिकेट टीम

भारतीय ए क्रिकेट टीम: तिलक वर्मा (कप्तान), प्रियांश आर्य, वैभव सूर्यवंशी, रियान पराग (उप-कप्तान), आयुष बडोनी, निशांत सिंधु, हर्ष दुबे, सूर्यांश शेडगे, प्रभसिमरन सिंह (विकेटकीपर), कुमार कुशाग्र (विकेटकीपर), विप्रज निगम, यश ठाकुर, युधवीर सिंह, अंशुल कंबोज, अरशद खान।